देहरादून : देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित नीरजा ग्रीन्स फार्म हाउस में 4 मार्च 2026 को आयोजित होली महोत्सव को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम का प्रचार हरियाणवी गायक अजय हुड्डा के आने के नाम पर किया गया था, जिसके आधार पर 2000 से 5000 रुपये तक के टिकट बेचे गए।

आरोप है कि कार्यक्रम में लाखों लोग टिकट खरीदकर पहुंचे, लेकिन गायक अजय हुड्डा मौके पर नहीं पहुंचे। जब लोगों को सिंगर के नहीं आने की जानकारी मिली, तो वहां भारी आक्रोश और नाराजगी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस दौरान आयोजकों और युवाओं के बीच विवाद बढ़ गया और हंगामा व मारपीट तक की स्थिति बन गई।

कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थल पर खुलेआम हुक्का और शराब परोसी जा रही थी, जिससे देवभूमि की मर्यादा पर सवाल उठने लगे। इस घटना के बाद स्थानीय लोग और युवा आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से शिकायत की, जिसके बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ तहरीर दर्ज कराई गई है। पुलिस के अनुसार यह मामला धोखाधड़ी और सार्वजनिक व्यवस्था को भंग करने का है। पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आयोजकों ने कार्यक्रम के लिए सुरक्षा इंतजाम और आवश्यक अनुमति पूरी तरह से सुनिश्चित नहीं की थी।

स्थानीय नागरिक और युवा कार्यक्रम में शामिल हुए लोग आरोप लगा रहे हैं कि आयोजकों की लापरवाही और गायक के न आने से हजारों युवाओं के पैसे बर्बाद हुए। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर हिंसक स्थिति बनने की वजह से सुरक्षा का गंभीर संकट भी पैदा हुआ।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी आयोजकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आयोजकों और गायक से संबंधित पूरी जानकारी जुटाई जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह के विवाद से बचा जा सके।

Spread the love
error: Content is protected !!