रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा प्रशासन की निगरानी में सुचारु रूप से संचालित हो रही है। अब तक 14,14,590 से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। लगातार बारिश और घने कोहरे के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था के साथ धाम पहुंच रहे हैं। मौसम में ठंड बढ़ने के बावजूद यात्रा बिना किसी बड़ी बाधा के जारी है।

वहीं, बदरीनाथ धाम में भी सुबह से कोहरा और हल्की बारिश का दौर बना हुआ है। खराब मौसम के कारण तीर्थयात्रियों की संख्या में कुछ कमी जरूर आई है, लेकिन दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है और श्रद्धालु आसानी से भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं।

इधर, बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा मार्ग को अधिक सुगम बनाने के लिए रुद्रप्रयाग में निर्माणाधीन मोटर ब्रिज और टनल परियोजना अंतिम चरण में पहुंच गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से लगभग 900.30 मीटर और 200 मीटर लंबे मोटर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। केंद्र सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 156 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

विभाग के अनुसार, केदारनाथ और बदरीनाथ हाईवे को जोड़ने वाले ब्रिज और टनल का करीब 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द ही पुल की लोड टेस्टिंग की जाएगी, जिसके बाद अगस्त में इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोले जाने की उम्मीद है।

परियोजना के शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार में लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलने की संभावना है। इससे तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि टनल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पुल का काम तेजी से अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि अगस्त के अंत तक पुल को ट्रायल टेस्टिंग के लिए खोले जाने की उम्मीद है। टनल और पुल के आपस में जुड़ने के बाद यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

Spread the love
error: Content is protected !!