देहरादून: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को देहरादून के रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र और राज्य की परीक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। छात्रों से संवाद करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश की परीक्षा प्रणाली पर “ऊपर से नीचे तक माफिया का कब्जा” है और यह भ्रष्टाचार का एक संगठित पिरामिड बन चुका है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था के शीर्ष पर मंत्रालय और बड़े अधिकारी हैं, जिनके अधीन एनटीए जैसी परीक्षा एजेंसियां काम करती हैं। उन्होंने कहा कि नीचे के स्तर पर दलाल, पेपर तैयार करने वाले, प्रिंटर, ट्रांसपोर्टर और कुछ भ्रष्ट कोचिंग सेंटर मिलकर पेपर लीक का नेटवर्क चलाते हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार का ध्यान सेलिब्रिटी की शादियों और अन्य आयोजनों पर तो रहता है, लेकिन युवाओं का भविष्य बर्बाद करने वाले पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर नहीं। राहुल ने कहा कि इसी कारण देश में “नकली डॉक्टर और इंजीनियर” तैयार हो रहे हैं।
परीक्षा व्यवस्था में तीन बड़े सुधारों की पैरवी
राहुल गांधी ने परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए तीन प्रमुख सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि:
छात्र-केंद्रित और लचीली परीक्षा प्रणाली लागू की जाए तथा तकनीक के जरिए प्रत्येक छात्र को अलग-अलग प्रश्नपत्र दिए जाएं।
परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी निजी एजेंसियों के बजाय पूरी तरह सरकार के पास हो और एनटीए जैसे संस्थानों में निष्पक्ष लोगों की नियुक्ति की जाए।
पेपर लीक होने पर तत्काल पुनर्परीक्षा कराई जाए और प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा दिया जाए।
मंच से दिखाया ‘पेपर लीक का रेट कार्ड’
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों के हाथों में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं से जुड़े पोस्टर दिखाते हुए कहा कि आज पेपर लीक का भी एक “रेट कार्ड” बन चुका है। उन्होंने इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।
बारिश के बावजूद जुटी भीड़
कार्यक्रम से पहले हुई तेज बारिश के कारण आयोजन स्थल पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति बन गई थी। हालांकि वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था होने से कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हुआ और बड़ी संख्या में छात्र एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता
कार्यक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आयोजन को सफल बताते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एकजुट नजर आए।
