हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

फ्लाईओवर पर हुआ भीषण हादसा

पुलिस के अनुसार टनकपुर डिपो की रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन हरिद्वार से बिजनौर की तरफ जा रहा था। फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल हरिद्वार भेजा गया, जबकि क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

तीन लोगों की मौत, चार घायल

 

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पिकअप सवार अहान (18 वर्ष) पुत्र शराफत, निवासी बड़ापुर (नजीबाबाद) तथा एक अज्ञात करीब 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल शराफत (42 वर्ष) और उनकी पत्नी शबाना (35 वर्ष) को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया।

वहीं, घायल अन्नू (18 वर्ष), सोनी लाल (25 वर्ष) और शमीम (42 वर्ष) का जिला अस्पताल हरिद्वार में उपचार जारी है।

 

एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा

श्यामपुर थाना क्षेत्र के इस नवनिर्मित फ्लाईओवर पर एक सप्ताह के भीतर यह दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले इसी फ्लाईओवर पर दुकान बंद कर घर लौट रहे एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।

हादसे की जांच शुरू

सीओ अवनि तिवारी ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है।

 

Spread the love
error: Content is protected !!