विनोद कश्यप हत्या कांड: एक और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 6 आरोपी जेल भेजे गए
देहरादून, 17 जून। सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर हुए खूनी संघर्ष में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
13 जून 2026 की शाम बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच खेत में पानी चलाने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि एक पक्ष के 30-40 लोगों ने अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की। घटना में गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार की उपचार के दौरान लेहमन अस्पताल में मृत्यु हो गई थी।
मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही पांच आरोपियों—रज्जाक, सलमान, जावेद, शहबाज और इम्तियाज—को गिरफ्तार कर 15 जून को जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया था।
इसी क्रम में 16 जून की रात पुलिस ने घटना में शामिल एक अन्य आरोपी इन्तजार पुत्र जमील (32 वर्ष) निवासी बैरागीवाला को तिमली गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
