प्रॉपर्टी के लिए रची गई थी खौफनाक साजिश, शार्प शूटर और प्रेमिका से कराई थी हत्या; एक साल बाद जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तारी
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब एक वर्ष पूर्व राजपुर क्षेत्र में हुई चर्चित हत्या के मामले में पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी और घटना के मास्टरमाइंड अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जिला न्यायालय परिसर के बाहर से दबोचा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते अमित भटेजा ने अपने सौतेले भाई अजय भटेजा की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उसने उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी और उसकी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया की मदद ली थी।
गौरतलब है कि 26 मई 2025 को जाखन स्थित आवास में अजय भटेजा की हत्या कर दी गई थी। मामले में थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने पहले राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। इसके बाद हुमेरा उर्फ जोया को भी सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, अमित भटेजा अपने सौतेले भाई अजय की संपत्तियों में हिस्सा चाहता था। जब उसे हिस्सा नहीं मिला तो उसने अजय को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने राजन उर्फ जैकी को संपत्ति में हिस्सा देने और अन्य मामलों में मदद का लालच देकर हत्या के लिए तैयार किया।
योजना के तहत 25 मई 2025 को राजन और हुमेरा ने जाखन स्थित घर में अजय भटेजा का तकिये से मुंह दबाकर कत्ल कर दिया। हत्या के अगले दिन अमित मौके पर पहुंचा और वहां से संपत्ति संबंधी दस्तावेज अपने कब्जे में ले गया।
पुलिस द्वारा लगातार दबिश और तकनीकी निगरानी के चलते आखिरकार अमित भटेजा को शुक्रवार को जिला न्यायालय के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से कुछ संपत्ति और वाहनों से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
अमित भटेजा पुत्र स्व. विनय कुमार, निवासी शारदा नगर, थाना कुतुबशेर, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), उम्र 38 वर्ष।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
– राजन उर्फ जैकी, निवासी सहारनपुर।
– जोया उर्फ हुमेरा, निवासी मुजफ्फरनगर।
इस कार्रवाई में थाना राजपुर की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है।
