चारधाम यात्रा के बीच आज सुबह बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के पास पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ जा रहा श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, वहीं 17 अन्य यात्री घायल हो गए।

 

जानकारी के मुताबिक, वाहन में ड्राइवर समेत कुल 18 लोग सवार थे। सुबह के वक्त पैनी इलाके में अचानक टेंपो का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनाई दी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

इस हादसे में गाजियाबाद की महिला श्रद्धालु आरती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 घायलों का इलाज जारी है। ज्योर्तिमठ कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर यात्रा सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!