देहरादून। ऋषिकेश में कारोबारी को हत्या के प्रयास और लूट जैसे गंभीर मामलों में फंसाने का डर दिखाकर “पुलिस सेटिंग” के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले शातिर गिरोह का दून पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹1,83,500 नकद, मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।

 

मामले में गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुज गोयल अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें और उनके परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा था। आरोपियों ने खुद को पुलिस से सेटिंग होने का दावा करते हुए मामला रफा-दफा कराने के नाम पर मोटी रकम की मांग की और दो लाख रुपये वसूल भी लिए।

 

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल्स के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनुज गोयल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में अनुज गोयल पुत्र स्वर्गीय कैलाश चंद गोयल निवासी भानियावाला, डोईवाला, देहरादून, शुभम चौहान पुत्र छत्रपाल सिंह निवासी रानीपोखरी/दोनाली, देहरादून तथा आदित्य लोधी पुत्र सुभाष कुमार लोधी निवासी अमन विहार, डोईवाला शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम चौहान के घर से ₹1,83,500 नकद बरामद किए गए, जो वसूली गई रकम का हिस्सा बताए जा रहे हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन से धमकी देने, रुपये मांगने और साजिश रचने से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि पूरा षड्यंत्र कारोबारी को डराकर अवैध धन उगाही करने के उद्देश्य से रचा गया था। मामले में कोतवाली ऋषिकेश में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Spread the love
error: Content is protected !!