हल्द्वानी। गर्दन के दर्द से राहत की उम्मीद में हकीम के पास पहुंची दमुवाढूंगा निवासी 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैर इरादतन हत्या के आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार टाउन धानमिल निवासी राम चंद्र ने चार अक्टूबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि तीन अक्टूबर को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा का इलाज कर रहा था। इसी दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई।

 

तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने लगातार पतारसी-सुरागरसी करते हुए आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत राठौड़, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित गोस्वामी शामिल रहे।

Spread the love
error: Content is protected !!