देहरादून: देहरादून में फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली डालनवाला पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विदेश में रह रही महिला का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर उसकी भूमि के नकली दस्तावेज बनाकर धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, राजपुर रोड आर्य नगर निवासी रक्षा सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अमित मैगी और उसके साथियों ने उन्हें मृत दिखाते हुए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाया और उनकी जमीन के दस्तावेजों में हेरफेर कर भूमि का बैनामा अपने नाम करा लिया। इस संबंध में 23 नवंबर 2018 को कोतवाली डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पहले ही तीन आरोपियों राजीव देओल, कुलदीप सिंह और विनय बिश्नोई को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पूछताछ में अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए थे, जिनकी तलाश लगातार की जा रही थी।

सीओ डालनवाला नितिन लोहनी ने बताया कि मामले में शामिल आरोपी रविन्द्र कुमार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद पुलिस ने मेरठ से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार करने और जमीन के स्वामित्व से जुड़े रिकॉर्ड में हेरफेर करने की साजिश का हिस्सा था। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में सामने आने वाले हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

Spread the love
error: Content is protected !!