देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद महिला का पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। सूचना के बाद क्लेमेनटाउन पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ मिला। इसके बाद पुलिस टीम ने कॉल की लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, एक प्लॉट में बने कमरे की जांच करने पर वहां काजल (26) पत्नी धीरज पंवार का शव मिला। प्रथम दृष्टया गोली लगने से उसकी मौत होना सामने आया। काजल ईदगाह रोड, सुभाष नगर स्थित सत्य साईं मंदिर के पास रहती थी और मूल रूप से ग्राम मेघा शकरपुर, थाना पुरकाजी, मुजफ्फरनगर की रहने वाली थी।
बताया गया कि काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ रह रही थी। उसके भाई अभिषेक का मकान भी पास में ही है। मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि पिछले कई दिनों से काजल और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर क्लेमेनटाउन थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति धीरज पंवार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर तलाश शुरू कर दी है।
