नैनीताल: नैनीताल में एक बार फिर पेयजल संकट गहराने वाला है। तीन दिन तक बिजली और पानी की समस्या झेलने के बाद आज करीब दो लाख लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ेगा। काठगोदाम कॉलटैक्स क्षेत्र में गेट चैंबर की टूटी जालियों की मरम्मत के कारण शीशमहल स्थित फिल्टर प्लांट दिनभर बंद रहेगा, जिससे पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी।
दरअसल, गौला बैराज से नदी का पानी नहर के जरिए फिल्टर प्लांट तक पहुंचता है। यहां पानी को शुद्ध करने के बाद जल संस्थान द्वारा घरों और प्रतिष्ठानों तक सप्लाई की जाती है। लेकिन कॉलटैक्स के पास नहर में लगी जालियां टूट जाने से प्लांट में कचरा और गंदगी पहुंच रही थी, जिससे संचालन प्रभावित हो रहा था।
इस समस्या को दूर करने के लिए जल संस्थान ने गुरुवार सुबह से जालियों की मरम्मत का काम शुरू करने का निर्णय लिया है। विभाग के अनुसार, इस कार्य में करीब आठ घंटे का समय लगेगा और सुबह 9 बजे से शाम तक फिल्टर प्लांट बंद रहेगा। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार टैंकरों से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
तूफान के बाद मिली थी राहत
रविवार रात आए भीषण आंधी-तूफान के कारण नैनीताल में पिछले दो दिनों से बिजली और पानी की भारी किल्लत बनी हुई थी। पेड़ गिरने से बिजली लाइनें और पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। हालांकि मरम्मत कार्य के बाद मंगलवार देर शाम बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे पेयजल व्यवस्था भी पटरी पर लौट आई थी।
जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, बिजली बाधित रहने के दौरान जेनरेटर से पानी सप्लाई की कोशिश की गई, लेकिन ऊंचाई वाले टैंकों तक पानी नहीं पहुंच पाया। फिलहाल अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति सामान्य हो गई है, हालांकि कुछ इलाकों में कम दबाव की समस्या बनी हुई है।
अधिशासी अभियंता रविशंकर लोशाली ने बताया कि सुबह 8:30 बजे तक पानी की सप्लाई दी जाएगी, इसके बाद प्लांट बंद होने से आपूर्ति रुक जाएगी। उपभोक्ताओं से पहले ही पानी स्टोर कर लेने की अपील की गई है।
इन क्षेत्रों में रहेगा सबसे ज्यादा असर:
दमुवाढूंगा, बिठौरिया, कुसुमखेड़ा, चौफुला, बमौरी, ऊंचापुल, बाजार क्षेत्र सहित बरेली और रामपुर रोड से जुड़े इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी।
