मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारी शुरू, 8 जून से होगा घर-घर सर्वे
देहरादून: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की पूरी रूपरेखा सामने रखी। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया तृतीय चरण में देशभर के 19 राज्यों में एक साथ संपन्न की जाएगी और 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए पूरी कार्रवाई की जाएगी।
जोगदंडे ने बताया कि 29 मई से 7 जून के बीच गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग और मैदानी कर्मचारियों के प्रशिक्षण का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। इस दौरान हर मतदाता की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक आम नागरिकों को अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का मौका मिलेगा। 10 जुलाई से 11 सितंबर के बीच नोटिस जारी कर इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। अंततः 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
79 लाख से अधिक मतदाता, 11 हजार से ज्यादा बूथ
उत्तराखंड में कुल 11,733 पोलिंग बूथ हैं जिन पर 79 लाख 76 हजार मतदाता पंजीकृत हैं। राजनीतिक दलों द्वारा 21 हजार 808 बूथ लेवल एजेंट (BLA) तैनात किए गए हैं। इनमें भाजपा ने 11,138 और कांग्रेस ने 10,175 BLA मैदान में उतारे हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अगर सर्वे के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता तो वह टोल फ्री नंबर 1950 पर कॉल कर BLO को बाद में बुलाने की सुविधा ले सकता है। यह नंबर पहले ही सक्रिय किया जा चुका है। इसके अलावा यदि तीन बार कोशिश के बाद भी मतदाता घर पर नहीं मिलता, तो वह ऑनलाइन माध्यम से भी अपना फॉर्म जमा कर सकता है। जिन मतदाताओं का नाम 2003 की मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें BLO को दोबारा जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। मतदाता सूची से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए voters.eci.gov.in पर जाया जा सकता है।
