नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी किए थे बाइक और स्कूटी, बेचने से पहले पुलिस ने दबोचा
देहरादून। थाना प्रेमनगर पुलिस ने वाहन चोरी की अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
थाना प्रेमनगर में वाहन चोरी के संबंध में दर्ज मुकदमा संख्या 203/2026 और 204/2026 की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थलों और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में प्रकाश में आए संदिग्धों का सत्यापन किया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर विशान्त्री पुल के पास चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को चोरी के वाहनों के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से यूपी-35-बीजे-7650 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और यूके-07-बीयू-7059 नंबर की स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी करते थे। चोरी किए गए वाहनों को बाहर ले जाकर बेचने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
1. अमन राजपूत, निवासी श्यामपुर, प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 19 वर्ष।
2. पवन सिंह रावत, मूल निवासी पिथौरागढ़, हाल निवासी श्यामपुर, प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 32 वर्ष।
3. सागर पाल, निवासी शिवपुरी कॉलोनी, प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष।
4. मनप्रीत, निवासी जनरल विंग, प्रेमनगर, देहरादून, उम्र 24 वर्ष।
बरामदगी
स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी-35-बीजे-7650
स्कूटी संख्या यूके-07-बीयू-7059
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक जगदीश रावत तथा कांस्टेबल राबिन, बृजमोहन सिंह और सत्येंद्र प्रसाद शामिल रहे।
