रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया है। यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयासों के बीच धाम क्षेत्र में जन-सुविधाओं से तोड़फोड़ का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर मिंटू पाठक द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। तहरीर में बताया गया है कि सेक्टर केदारनाथ, हेलीपैड एवं घोड़ा पड़ाव क्षेत्र अंतर्गत स्थापित सार्वजनिक शौचालयों में तोड़फोड़ की गई है।
केदारनाथ धाम स्थित हाट बाजार, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पीछे, पंजाब सिंध भवन के समीप तथा बेस कैंप क्षेत्र में पांच दरवाजे क्षतिग्रस्त किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न सेक्टरों में लगाए गए नल और सिस्टन भी तोड़े गए हैं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण की विवेचना जारी है और दोषियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा और जन-सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
