देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को बारिश और बर्फबारी से कुछ हद तक राहत मिलने की संभावना है, लेकिन मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मंगलवार को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिला। दून समेत आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, हालांकि चटक धूप निकलने से दिन में ठंड का असर कुछ कम महसूस हुआ।
तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री बढ़कर 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना रहा।
आधे घंटे की ओलावृष्टि ने बढ़ाई मुसीबत
मंगलवार को शहर में करीब आधे घंटे तक हुई भारी ओलावृष्टि से चारों ओर बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से वाहनों के पहिये थम गए और कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया। दोपहिया वाहनों को लोगों को धक्का मारकर निकालना पड़ा।
सबसे अधिक ओलावृष्टि लालटिब्बा और मसराना क्षेत्र में दर्ज की गई। मसराना में फिसलन के कारण करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे उत्तरकाशी, टिहरी और धनोल्टी जाने वाले पर्यटकों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों की परेशानी
धनोल्टी निवासी कुलदीप नेगी ने बताया कि देहरादून से मसूरी होते हुए धनोल्टी जाते समय मसराना के पास जाम में फंसना पड़ा। फिसलन के कारण वाहन संभालकर चलाने पड़े और कई लोगों ने गाड़ियों को धक्का मारकर आगे बढ़ाया।
स्थानीय निवासी धर्मपाल पंवार और आशुतोष कोठारी का कहना है कि ओलावृष्टि के बाद शहर में एक बार फिर कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार चार और पांच फरवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि छह फरवरी को पर्वतीय इलाकों में फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
