हरिद्वार/रामनगर। उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। हरिद्वार के रोशनाबाद और रावली क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि से अफरा-तफरी मच गई। आसमान से बड़े-बड़े ओले गिरने के कारण लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। ओलों की मार से कई वाहनों के शीशे टूटने की सूचना है। वहीं, रामनगर में बारिश के दौरान एक विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से एक स्कूटी दब गई और फल का ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
हरिद्वार में अचानक बदले मौसम के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान रोशनाबाद और रावली में भारी ओलावृष्टि हुई। बड़े आकार के ओले गिरने से सड़क पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोग ओलों से बचने के लिए इधर-उधर भागते और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेते नजर आए। ओलावृष्टि की तेज मार से कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। लोगों ने इस घटना के वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, अचानक हुई तेज बारिश के चलते सड़क पर आवाजाही करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रामनगर में सड़क पर गिरा विशाल पेड़
उधर, रामनगर में बारिश के बीच कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक के पास एक विशालकाय पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ का भारी तना बैंक के बाहर खड़ी एक स्कूटी पर जा गिरा, जिससे स्कूटी उसके नीचे दब गई। पास में लगा फल का ठेला भी पेड़ की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पेड़ गिरता देख फल ठेला संचालक ने तुरंत वहां से हटकर अपनी जान बचाई। समय रहते उसके हट जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को हटाया। इसके बाद सड़क पर यातायात बहाल करने की कार्रवाई की गई।
