देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने आम जनता, यात्रियों और युवाओं को राहत देने के लिए तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। सड़क ढांचे के विस्तार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुफ्त कोचिंग और शहरी सुविधाओं के विकास से जुड़े इन निर्णयों का सीधा लाभ प्रदेश के विभिन्न वर्गों को मिलेगा।
पहाड़ों में सिंगल लेन हाईवे होंगे डबल लेन
पर्वतीय क्षेत्रों में सभी सिंगल लेन नेशनल हाईवे को डबल लेन में बदला जाएगा। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने तीन वर्षों में सड़क नेटवर्क सुधारने का लक्ष्य तय किया है।
प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 2,000 किमी नेशनल हाईवे हैं, जिनमें से करीब 1,000 किमी पहले से डबल लेन हैं, जबकि शेष 1,000 किमी अभी सिंगल लेन हैं। विभाग द्वारा तैयार रोडमैप के तहत तीन साल में सभी सिंगल लेन हाईवे को डबल लेन में बदला जाएगा। एचओडी राजेश शर्मा के अनुसार यह कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
मैदानी इलाकों में फोर लेन होंगे हाईवे
मैदानी क्षेत्रों में करीब 155 किमी नेशनल हाईवे अभी सिंगल लेन हैं। इन्हें चौड़ा करने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिलों के नेशनल हाईवे को फोर लेन में विकसित किया जाएगा, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होगा।
ब्लैक स्पॉट खत्म करने की योजना
सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ ब्लैक स्पॉट समाप्त करने की भी योजना है। खतरनाक मोड़ और तीव्र ढलानों को सुधारा जाएगा। इससे स्थानीय लोगों और चारधाम यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम सफर की सुविधा मिलेगी।
11 हजार छात्रों को मुफ्त कोचिंग
सरकार ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ को लागू करते हुए 11 हजार छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग देने का निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि जिलावार स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से मेधावी युवाओं का चयन किया जाएगा। इस योजना पर प्रतिवर्ष 11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
किन परीक्षाओं के लिए कोचिंग?
सिविल सर्विसेज: 2000 छात्र
एसएससी, रेलवे सर्विसेज व समकक्ष परीक्षाएं: 5000 छात्र
बैंकिंग सर्विसेज: 2000 छात्र
कैट, मैट, गेट, नेट, सीएसआईआर व अन्य प्रवेश परीक्षाएं: 2000 छात्र
चयनित अभ्यर्थियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। योजना की निगरानी के लिए उच्च शिक्षा सचिव की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति तथा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय स्टेयरिंग समिति गठित की गई है।
मियांवाला में 3.30 करोड़ की लागत से आधुनिक पार्क
मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने मियांवाला क्षेत्र में पुराने प्राकृतिक तालाब का कायाकल्प कर आधुनिक पार्क विकसित किया है। करीब 3.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का लोकार्पण रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने किया।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद पूजा नेगी, एमडीडीए के प्रभारी अधीक्षण अभियंता अतुल गुप्ता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
इन तीनों फैसलों से प्रदेश में बुनियादी ढांचे का विस्तार, युवाओं को अवसर और शहरी सुविधाओं में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
