देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून ने एक बार फिर रौद्र रूप दिखाया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में आधी रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भारी बारिश से कई क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आई हैं। बिगड़ते मौसम और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
देहरादून के प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी क्षेत्र में हाल ही में निर्मित पुल का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण धंस गया। पुल क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नए पुल के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
वहीं, लगातार बारिश के चलते मसूरी जाने वाला मुख्य मार्ग भूस्खलन और मलबा आने से बंद हो गया है। मालदेवता क्षेत्र में भी तेज बारिश से नुकसान की खबरें हैं, जबकि स्थानीय नदी-नाले उफान पर बह रहे हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं और बंद सड़कों को जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और अत्यंत तीव्र बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) का भी खतरा जताया गया है
राज्य के अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। प्रशासन ने भी संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
