उत्तराखंड कांग्रेस का लोक भवन मार्च, सड़कों पर सैकड़ों कार्यकर्ता, दिग्गज नेताओं ने संभाला मोर्चा

उत्तराखंड कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान से संकलित हस्ताक्षरों को राज्यपाल को सौंपने के लिए लोक भवन पहुंची है.

देहरादून: भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश भर में हस्ताक्षर अभियान चलाया. जिससे एकत्र हस्ताक्षरों को सौंपने कांग्रेस लोकभवन पहुंची. कांग्रेस ने लोकभवन तक संविधान बचाओ मार्च निकाला. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर नजर आए. कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भी इस मौके पर मोर्चा संभाला. हरीश रावत इस दौरान एक्शन में नजर आए.

इससे पहले प्रदेश भर से भारी संख्या में कांग्रेस जन पार्टी मुख्यालय पहुंचे. प्रदेश मुख्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, इलेक्शन कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों द्वारा राज्य भर से संकलित किए गए हस्ताक्षरों को आज कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा है.

गणेश गोदियाल ने कहा पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता लोक भवन मार्च में शामिल रहे. उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा भाजपा के मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार को लेकर लोगों में नाराजगी है. उन्होंने आरोप लगाया धामी सरकार ऐसे मंत्रियों पर कार्रवाई करने की इजाजत नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी लोगों में खासी नाराजगी है. इन्हीं सब मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने लोक भवन तक मार्च निकाला है.

Spread the love
error: Content is protected !!