उत्तराखंड। उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम 20 अप्रैल तक घोषित किया जाएगा। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मूल्यांकन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू हुई थीं, जो 20 मार्च को समाप्त हो रही हैं। इस वर्ष हाईस्कूल (10वीं) में 1,12,266 और इंटरमीडिएट (12वीं) में 1,02,986 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं।

29 केंद्रों पर होगा मूल्यांकन

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन के लिए 39 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि मूल्यांकन के लिए कुल 29 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें गढ़वाल मंडल में 16 और कुमाऊं मंडल में 13 मूल्यांकन केंद्र शामिल हैं।

सीसीटीवी निगरानी में होगा मूल्यांकन

परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक मूल्यांकन केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना को रोका जा सके।

शिक्षा विभाग के अनुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य पूरा कर परिणाम 20 अप्रैल तक घोषित कर दिया जाएगा।

Spread the love
error: Content is protected !!