देहरादून, उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) में गुरुवार को पी.सी. ध्यानी ने विधिवत रूप से प्रबंध निदेशक का कार्यभार ग्रहण कर लिया। राज्य सरकार ने 1 जुलाई को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई चयन प्रक्रिया के बाद उनकी नियुक्ति की थी।

 

चार दशक का अनुभव लेकर यूपीसीएल पहुंचे ध्यानी

ध्यानी इससे पहले पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन (पिटकुल) में निदेशक (मानव संसाधन) के पद पर कार्यरत थे। साथ ही वे पिटकुल के प्रभारी प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं। 2016 में वे करीब चार साल तक यूपीसीएल के निदेशक (मा.सं.) भी रह चुके हैं। 1988 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद से करियर शुरू करने वाले ध्यानी ने 2022 में पिटकुल के प्रभारी MD का दायित्व संभाला था।

उपभोक्ता-केंद्रित यूपीसीएल बनाना लक्ष्य

पदभार संभालने के बाद ध्यानी ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यूपीसीएल को उपभोक्ता-केंद्रित, आधुनिक और लाभ अर्जित करने वाली वितरण कंपनी बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

 

स्मार्ट मीटरिंग और डिजिटल सेवाओं पर फोकस

नए MD ने बताया कि राज्य में गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए वितरण नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। स्मार्ट तकनीक, स्मार्ट मीटरिंग, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और शिकायत निवारण प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा। दूरस्थ व पर्वतीय क्षेत्रों में आपूर्ति सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनेगी।

 

राजस्व बढ़ाने और चोरी रोकने के निर्देश

ध्यानी ने सभी वितरण अधिकारियों को विद्युत चोरी पर लगाम लगाने, बिलिंग दक्षता बढ़ाने और राजस्व संग्रहण में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

 

मानसून और कुम्भ की तैयारी के निर्देश

उन्होंने कहा कि आगामी मानसून को देखते हुए जरूरी सामग्री की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। साथ ही अगले साल होने वाले दिव्य व भव्य कुम्भ मेले के लिए सुचारू विद्युत व्यवस्था के सभी काम समय पर पूरे किए जाएं। कर्मचारियों के प्रमोशन और एसीपी प्रकरण भी समय पर निस्तारित करने को कहा।

 

अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

कार्यभार ग्रहण के मौके पर निवर्तमान MD जी.एस. बुदियाल ने ध्यानी को शुभकामनाएं दीं। उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन, लेखा संवर्ग, हाइड्रो इम्पलाइज यूनियन समेत अन्य संगठनों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

 

इस दौरान निदेशक (वितरण) एम.आर. आर्य, निदेशक (वित्त) कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक डॉ. आर.जे. मलिक, मुख्य अभियन्ता जसवन्त सिंह व अमित कुमार, कंपनी सचिव प्रियंका दुआ समेत कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि ध्यानी के अनुभव से यूपीसीएल उपभोक्ता सेवा और वितरण दक्षता में नई ऊंचाइयां छुएगा।

Spread the love
error: Content is protected !!