देहरादून : 14 अप्रैल यानी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा खास और ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरान वह पहली बार देवभूमि में रोड शो करेंगे, जो भव्य होगा। करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबे रोड शो में कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक नृत्य व पारंपरिक संगीत के जरिए प्रधानमंत्री का स्वागत किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर लोग अपनी संस्कृति के माध्यम से उनका अभिनंदन करेंगे।
दो घंटे देहरादून में रहेंगे मोदी
प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे देहरादून में रहेंगे। इस दौरान वह मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे यूपी के गणेशपुर जाएंगे। इसके बाद करीब 12 बजे मां डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे। फिर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे और देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 2 बजे उनके वापस लौटने का कार्यक्रम है। भाजपा के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
सीएम योगी ने परखी तैयारियां
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। वह सहारनपुर जिले की बिहारीगढ़ तहसील के गणेशपुर गांव पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री एक्सप्रेसवे के तहत मोहंड (उत्तर प्रदेश) क्षेत्र में बने 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। इसे एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बताया जा रहा है।
इस कॉरिडोर को इस प्रकार बनाया गया है कि ऊपर से वाहन तेज गति से गुजर सकेंगे और नीचे वन्य जीवों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी। इसके लिए साउंड प्रूफ शीट भी लगाई गई हैं।
सीएम धामी ने किया निरीक्षण
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां सुनियोजित और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही स्वच्छता और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसकी सफलता सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
