देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती के बीच पटेलनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10.19 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली पटेलनगर की टीम ने 4 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान आजाद कॉलोनी, पटेल नगर निवासी 25 वर्षीय राशिद पुत्र इरशाद को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 10.19 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी में शामिल हुआ था। उसका इरादा स्मैक को छोटी-छोटी मात्रा में स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने का था।
पुलिस के मुताबिक एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी आईएसबीटी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल हरेंद्र और कांस्टेबल आजाद शामिल रहे।
