बिडौरी : थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोकगायिका रिंकू राणा की गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे होली खेलने अपने मायके बिडौरी आई हुई थीं। हादसा उस समय हुआ जब ग्राम बिचपुरी में ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में उनकी 10 वर्षीय भतीजी भी घायल हो गई, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार रिंकू राणा अपनी भतीजी के साथ बरुगाबाग से स्कूटी से बिडौरी आ रही थीं। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रिंकू राणा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल भतीजी का इलाज किया जा रहा है।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूटी व ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।

रिंकू राणा बंटी राणा म्यूजिकल ग्रुप की लोकगायिका थीं। उन्होंने थारू संस्कृति के पारंपरिक लोकगीतों के साथ-साथ हिंदी, कुमाऊनी गीत और भजन भी गाए थे। बचपन से ही उन्होंने अपने भाई के साथ भजन गायन की शुरुआत की थी। वे तीन भाइयों की इकलौती बहन थीं और लोकसंगीत के माध्यम से थारू समाज की संस्कृति को पहचान दिलाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी रिंकू राणा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि लोकसंस्कृति और लोकसंगीत के संरक्षण में रिंकू राणा का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

रिंकू राणा की मौत के बाद उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों के साथ-साथ लोकगायकों और शुभचिंतकों का आना-जाना लगा रहा। जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। बताया जा रहा है कि रिंकू राणा की एक बेटी भी है, जो चौथी कक्षा में पढ़ती है।

Spread the love

You missed

error: Content is protected !!