देहरादून : राजधानी देहरादून में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने सोती हुई पत्नी का कंबल से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस के अनुसार 4 फरवरी को सलमान आसिफ पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी अपर बाजार रुद्रप्रयाग ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बहन कहकशा आलम की शादी 19 नवंबर 2025 को शहवाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी रिस्पना नगर सी-37, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे।
परिजनों का आरोप है कि 3/4 मार्च 2026 को ससुराल पक्ष के लोग कहकशा आलम को महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या उसके पति और ससुराल वालों ने मिलकर की है।
शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा संख्या 77/26 धारा 80 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। चूंकि मृतका की शादी को केवल चार माह ही हुए थे, इसलिए संबंधित मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मृतका का पंचायतनामा भरा गया और डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मसूरी को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने 5 मार्च 2026 को मृतका के पति आरोपी शहवाज आलम को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विवाह उसकी इच्छा के विरुद्ध परिवार वालों ने कराया था। आरोपी के अनुसार उसकी पत्नी कहकशा कम पढ़ी-लिखी थी और उसने घरवालों की इज्जत के लिए उससे शादी कर ली थी। लेकिन शादी में कम दहेज मिलने के कारण उसका और उसके परिवार का व्यवहार कहकशा के प्रति बदल गया था।
आरोपी ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। उसकी योजना थी कि कहकशा की हत्या के बाद वह किसी पढ़ी-लिखी महिला से दूसरी शादी करेगा, जिससे उसे अधिक दहेज मिल सके।
इसी बीच कहकशा की तबीयत खराब होने पर आरोपी उसे इलाज के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल ले गया था, जहां उसका उपचार चल रहा था।
सोते समय कंबल से दबाया मुंह
पुलिस के अनुसार 3 मार्च 2026 को आरोपी ने घर में सो रही पत्नी का कंबल से मुंह दबा दिया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने अपने घरवालों को घटना की जानकारी दी और कहकशा को महंत इंद्रेश अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ने मृतका के परिजनों को भी यह बताया कि कहकशा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे अस्पताल लाया गया है। उसकी योजना थी कि वह सभी को यह विश्वास दिला देगा कि बीमारी के कारण उसकी मौत हुई है।
हालांकि महंत इंद्रेश अस्पताल द्वारा पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम शहवाज आलम पुत्र मोहम्मद यासीन, निवासी सी-36/37 रिस्पना नगर, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून है। आरोपी मूल रूप से ग्राम दिनौड़ा, थाना सोती की नांगल, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और उसकी उम्र 29 वर्ष बताई जा रही है।
