हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुवैत से आए दो युवकों के एक बयान ने विवाद को जन्म दे दिया। “हिंदुस्तान खुला है, कोई कहीं भी जा सकता है” जैसे बयान के बाद मामला तूल पकड़ गया। खासतौर पर यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब कुंभ मेला क्षेत्र और हर की पैड़ी में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर श्री गंगा सभा द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों की वेशभूषा पहने दो युवक हर की पैड़ी क्षेत्र में घूमते नजर आए। किसी ने उनका वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो और बयान सामने आने के बाद धार्मिक संगठनों में नाराजगी फैल गई।

श्री गंगा सभा ने जताया कड़ा विरोध

मामले पर श्री गंगा सभा के सचिव उज्जवल पंडित ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी और कुंभ मेला क्षेत्र की धार्मिक गरिमा और परंपराओं का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस संबंध में श्री गंगा सभा की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपकर संबंधित युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस तलाश में जुटी

पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्राप्त जानकारी के आधार पर दोनों युवकों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
धर्मनगरी में इस घटना के बाद माहौल संवेदनशील बना हुआ है, वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Spread the love
error: Content is protected !!