कोटद्वार। बालासौड़ में एक बेटे ने अपनी ही मां के घर से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए और वारदात के बाद राजस्थान फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के 10.50 तोला सोने और 891 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।

 

बालासौड़ निवासी अनीता देवी ने पांच अक्तूबर को कोतवाली कोटद्वार में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर एएसपी कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और सीओ कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई।

 

पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान चोरी की घटना में वादिनी के बेटे दीपांशु राजपूत की भूमिका सामने आई।

 

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। पुलिस को उसके राजस्थान में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए दीपांशु राजपूत को झालूपुरा, जयपुर से गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी व्यक्तिगत जरूरतों और शौक पूरे करने के लिए मां के जेवर चोरी किए थे। वारदात के बाद वह जेवर लेकर राजस्थान भाग गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10.50 तोला सोने और 891 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।

Spread the love
error: Content is protected !!