अल्मोड़ा। जिले के सोमेश्वर क्षेत्र में पच्चीसी के पास शुक्रवार दोपहर को एक स्कॉर्पियो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में तीन लोगों के सवार होने की सूचना है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए दो घायलों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कौसानी भेजा, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। दोनों को हल्की चोटें आई हैं और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

सड़क से अनियंत्रित होकर हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो वाहन अचानक सड़क से अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सोमेश्वर पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस अल्मोड़ा की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार सोमेश्वर को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

दो घायलों की पहचान

हादसे में घायल दो लोगों की पहचान हुई है। प्रकाश राम (32 वर्ष) पुत्र प्रताप राम, निवासी रनमन, थाना सोमेश्वर और राजेन्द्र कुमार पुत्र बहादुर राम, निवासी छानी लवेशाल, थाना सोमेश्वर के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए कौसानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

एक व्यक्ति लापता, सर्च अभियान जारी

बताया जा रहा है कि वाहन में एक अन्य व्यक्ति भी सवार था, जो दुर्घटना के बाद से लापता है। उसकी तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि लापता व्यक्ति की तलाश जारी है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Spread the love
error: Content is protected !!