रुड़की में सड़क हादसों ने बुझाए तीन घरों के चिराग, चार बाइकों की टक्कर में 3 युवकों की मौत, एक घायल
रुड़की के पिरान कलियर और बीटीगंज में हुए दो भीषण सड़क हादसे, चार बाइकों की टक्कर में तीन युवाओं की गई जान
रुड़की: शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मंगलवार की रात दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं. कलियर क्षेत्र के रहमतपुर रोड पर निर्माणाधीन पुलिया से बाइक टकराने के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. वहीं, रुड़की के व्यस्त बीटीगंज क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की जान चली गई. दोनों घटनाओं में कुल तीन युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
निर्माणाधीन पुलिया से टकराई बाइक, 32 वर्षीय अज्जू की मौत: पुलिस के अनुसार पहला दर्दनाक हादसा कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर रोड पर हुआ. यहां पर दो युवक बाइक पर सवार होकर रहमतपुर रोड से गुजर रहे थे. इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क पर निर्माणाधीन पुलिया से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालने का प्रयास किया. हादसे में अज्जू उर्फ अजय (उम्र 32 वर्ष) पुत्र ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई. उनका साथी आकाश (उम्र 24 वर्ष) पुत्र मुकेश, निवासी लंढौरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. अचानक हुए इस हादसे में अज्जू की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया, जिस युवक को परिवार ने हंसते-खेलते घर से विदा किया था उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया.
बीटीगंज में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत: वहीं, दूसरा हादसा रुड़की के बीटीगंज क्षेत्र में हुआ. यहां पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया.
मृतकों की पहचान अर्श (उम्र 24 वर्ष) पुत्र याकूब, निवासी रघुनाथ प्लॉट के पास रुड़की के रूप में हुई है. दूसरे युवक की पहचान मोनू (उम्र 31 वर्ष) निवासी दधेड़ू खुर्द, थाना चरथावल, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. एक ही दिन में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवकों की मौत की खबर से रुड़की और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है. मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
निर्माणाधीन सड़कों और यातायात सुरक्षा पर उठे सवाल: वहीं, लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा व्यवस्था और सड़क निर्माण कार्यों के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. निर्माणाधीन पुलिया और सड़कों पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और रात के समय रोशनी की व्यवस्था होना बेहद जरूरी है, ताकि वाहन चालकों को पहले से खतरे का अंदाजा हो सके. दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर की घटना भी तेज रफ्तार, यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है, हालांकि दोनों हादसों के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सड़क पर जरा सी लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती है. तीन घरों के चिराग बुझने से परिवारों की दुनिया उजड़ गई है.
एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि-
दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हुई है. एक युवक के घायल होने की जानकारी है. घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है. शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. तहरीर मिलने पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
-अभय सिंह, एसपी, हरिद्वार देहात-
