उत्तराखंड: उत्तराखंड में बहुचर्चित पेपर लीक प्रकरण के बाद रद्द की गई स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षा तीन मई को कराई जाएगी।

अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि 21 सितंबर 2025 को पटवारी, लेखपाल, ग्राम विकास अधिकारी समेत अन्य स्नातक स्तरीय पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। हालांकि एक परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आने के बाद आयोग ने पूरी परीक्षा को निरस्त कर दिया था।

अब आयोग ने दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लेते हुए 17 मई की तिथि तय की है। वहीं, विभिन्न विभागों में तकनीकी अर्हता से जुड़े 18 प्रकार के पदों के लिए भर्ती परीक्षा तीन मई को आयोजित होगी। इन पदों के लिए कुल 5872 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। खास बात यह है कि तकनीकी पदों की परीक्षा इस बार टैब (डिजिटल माध्यम) से कराई जाएगी।

पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद प्रदेशभर में युवाओं में भारी आक्रोश देखने को मिला था। कई स्थानों पर छात्रों ने धरना-प्रदर्शन किए थे। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद प्रदर्शन कर रहे युवाओं के बीच पहुंचे थे और मामले की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश की थी।

अब नई परीक्षा तिथि घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों को दोबारा तैयारी का मौका मिलेगा, वहीं आयोग की ओर से पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा कराने की चुनौती भी सामने है।

Spread the love
error: Content is protected !!