नैनीताल। रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर एक टेंपो ट्रेवलर अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। छह लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार वाहन संख्या UP14 TQ 9690 में चालक समेत कुल 22 लोग सवार थे। वाहन सड़क से अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे में फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय सुमित पाल सिंह पुत्र कनक पाल सिंह की मौत हो गई।
घायलों में मनीष कुमार, नंदिनी, तुषार कुमार, लक्ष्मी, मयंक, प्रदीप कुमार, रितिका, हर्ष वर्मा, पायल, आनंद, अजय, अंजलि, 10 माह की मिस्टी और यश कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया।
सुरक्षित रेस्क्यू किए गए लोगों में धर्मेंद्र, डॉली, अंजलि, धीरज, अंकित और सोनिया शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों की टीम ने मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। वाहन में फंसे व्यक्ति को निकालने के लिए गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
