ऋषिकेश | स्वर्गाश्रम जौंक स्थित गीताभवन (नंबर–7) में आयोजित गीताप्रेस गोरखपुर की प्रतिष्ठित ‘कल्याण’ पत्रिका के शताब्दी महोत्सव में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। गृह मंत्री के आगमन को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और स्वर्गाश्रम क्षेत्र को अभेद्य सुरक्षा घेरे में बदल दिया गया है।
अधिकारियों-कर्मचारियों को ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात रहने के निर्देश
गृह मंत्री के कार्यक्रम से पहले मंगलवार को गीताभवन नंबर-7 में पुलिस प्रशासन की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें सभी को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर समय से तैनात रहने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण हटाया, मार्ग किए गए साफ
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक की ओर से स्वर्गाश्रम गंगा चौक से लक्ष्मीनारायण घाट, भारत साधु समाज, परमार्थ निकेतन, वानप्रस्थ और वेद निकेतन के आसपास आंतरिक मार्गों से अतिक्रमण हटाया गया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए पूरे क्षेत्र की विशेष सफाई और निगरानी की गई।
चौरासी कुटिया पर्यटकों के लिए बंद
राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में स्थित महर्षि महेश योगी की भावातीत चौरासी कुटिया को सुरक्षा कारणों से मंगलवार को पर्यटकों के लिए बंद रखा गया। बुधवार को भी इसके द्वार बंद रहेंगे। इसके अलावा वेद निकेतन हेलिपैड और गंगा तट के आसपास लोहे के एंगल और गेट लगाए गए हैं। मंगलवार दोपहर तक वेद निकेतन हेलिपैड पर हवाई ट्रायल भी चलते रहे।
कार्यक्रम की जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार 21 जनवरी को शाम करीब 3 बजे वेद निकेतन हेलिपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वे गीताभवन नंबर-7 में आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल होंगे और करीब दो घंटे कार्यक्रम स्थल पर रुकेंगे। इसके पश्चात वे बैराज रोड के माध्यम से हरिद्वार में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा में भारी पुलिस बल तैनात
गृह मंत्री की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 03 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
05 पुलिस अधीक्षक,05 अपर पुलिस अधीक्षक,07 पुलिस उपाधीक्षक,21 निरीक्षक/थानाध्यक्ष,04 टीआई/टीएसआई,60 उपनिरीक्षक,06 महिला उपनिरीक्षक,170 मुख्य आरक्षी/आरक्षी,02 प्लाटून पीएसी,01 एसडीआरएफ टीम,01 एटीएस टीम,01 बम निरोधक दस्ता तैनात किया गया है।
IG गढ़वाल का बयान
आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया, “केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए स्वर्गाश्रम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद की गई है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की पैनी नजर रहेगी।”
गौरतलब है कि गीताप्रेस के शताब्दी महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और गणमान्य अतिथियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति की संभावना है, जिसको देखते हुए प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं छोड़ना चाहता।
