हरिद्वार। ऋषिकुल मैदान स्थित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया विधिवत शुरू हो गई है। सुबह 7 बजे से ही तीर्थयात्री केंद्र पर पहुंचने लगे थे। पहले दो घंटों, यानी सुबह 7 बजे से 9 बजे तक करीब 150 श्रद्धालुओं ने अपना पंजीकरण कराया।
सुबह के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर पंजीकरण केंद्र पहुंचे। उन्होंने तीर्थयात्रियों का फूल-माला से स्वागत किया और चारधाम यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
कुल 20 काउंटर स्थापित
पर्यटन विभाग की ओर से ऋषिकुल मैदान में ऑफलाइन पंजीकरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां कुल 20 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां तीर्थयात्रियों का पंजीकरण सुचारू रूप से किया जा रहा है। इसके साथ ही परिसर में स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
चारधाम यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू हो चुकी थी और अधिकांश तीर्थयात्री ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण करा चुके हैं। जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि पंजीकरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
ये दस्तावेज जरूरी
पंजीकरण के लिए आधार कार्ड, फोटो पहचान पत्र, पैन कार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य है। बड़े तीर्थयात्री दलों की सुविधा के लिए 15 मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं, जो धर्मशालाओं और आश्रमों में पहुंचकर मौके पर ही पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करेंगी।
चारधाम यात्रा के तहत यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण कराने वाले अधिकांश तीर्थयात्री 18 अप्रैल को हरिद्वार से रवाना होंगे।
