पिथौरागढ़। मुनस्यारी से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने जिला अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बच्ची की एक साल पहले गुपचुप शादी कराई गई थी। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ पॉक्सो में मुकदमा दर्ज किया है और उसे पकड़ने के लिए टीम पुणे रवाना होने की तैयारी में है।

जानकारी के अनुसार, लड़की और आरोपी युवक एक-दूसरे को स्कूल से जानते थे। दोनों ने पिछले साल मंदिर में शादी की और बाद में पुणे में साथ रहने लगे, जहां युवक एक निजी कंपनी में काम करता है। डिलीवरी के समय वह पुणे में ही मौजूद है और अब तक मुनस्यारी नहीं लौटा है।

प्रसव के दौरान खुला मामला

प्रसव पीड़ा होने पर ससुराल पक्ष के लोग किशोरी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी। मामले की जांच कर रही सब-इंस्पेक्टर बबीता टम्टा ने बताया कि POCSO एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

पारिवारिक स्थिति जटिल

लड़की के पिता पुणे में सिक्योरिटी गार्ड हैं, जबकि उसकी मां पहले ही परिवार छोड़ चुकी है। किशोरी मुनस्यारी में अपनी सौतेली मां के साथ रह रही थी और शादी के बाद पुणे चली गई थी। उसके माता-पिता दोनों दूसरी शादी कर चुके हैं।

बाल कल्याण समिति (CWC) के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खाती ने बताया कि समिति को मामले की जानकारी दे दी गई है और अस्पताल में किशोरी की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी

पुलिस के अनुसार, यदि आरोपी युवक मुनस्यारी नहीं पहुंचता है तो गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को बलुवाकोट थानाध्यक्ष नीमा बोहरा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

जिला महिला अस्पताल में भर्ती किशोरी और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

पुणे में काम करता है आरोपी

बताया जा रहा है कि किशोरी का कथित पति 21 वर्षीय युवक है और वर्तमान में पुणे में काम करता है। नवजात के जन्म के बाद वह नामकरण के लिए गांव आने वाला था, लेकिन मामला कानूनी प्रक्रिया में आने के बाद वह अब तक घर नहीं लौटा है। फिलहाल युवक पुणे में ही मौजूद बताया जा रहा है।

Spread the love
error: Content is protected !!