नाबालिग युवती को मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से लाकर बनाया बंधक, पुलिस ने किया रेस्क्यू

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के कमरे में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, देह व्यापार के लिए दिल्ली से लाई गई एक नाबालिग युवती को पुलिस ने रेस्क्यू किया है। मौके से आपत्तिजनक सामग्री और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक अक्तूबर को पटेलनगर पुलिस को हरभजवाला के नीलकंठ एनक्लेव में कुछ महिलाओं और पुरुषों द्वारा कथित रूप से देह व्यापार कराए जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम ने मकान में छापा मारा। यहां तीन महिलाओं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुषों समेत सात लोग मिले। पुलिस ने देह व्यापार में संलिप्तता के आरोप में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और नाबालिग को रेस्क्यू किया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों को उपलब्ध कराता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था और महिलाओं की तस्वीरें भेजता था। ग्राहक की मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजा जाता था।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग युवती को आरोपी अभिषेक दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि यहां उस पर गलत काम करने का दबाव बनाया गया। युवती के इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने उसे रेस्क्यू कर लिया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में पॉक्सो अधिनियम की धारा 14(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

 

मनीष कुमार लखेड़ा, निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला, पटेलनगर।

अभिषेक, निवासी महावीर नगर, दिल्ली। भानू उर्फ सिद्धांत, निवासी बड़ोवाला, आरकेडिया नगर, देहरादून।

ममता, निवासी स्कूल ब्लॉक, शंकरपुर, पूर्वी दिल्ली।

नेहा, निवासी संगम विहार, दिल्ली।

सुमन, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री/दवाइयां और देह व्यापार से कमाए गए बताए गए 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

Spread the love
error: Content is protected !!