देहरादून: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बड़ा गोलीकांड सामने आया, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली लगने से मौत हो गई। यह घटना मसूरी रोड पर मालसी क्षेत्र के पास हुई, जहां दो गाड़ियों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग तक की नौबत आ गई।

सुबह 6:50 बजे कंट्रोल रूम को मिली सूचना

राजपुर थाना से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी और राजपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो में हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और स्कॉर्पियो N में सवार व्यक्तियों के बीच गाड़ी को पास न देने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रुकवाने के लिए उसके टायरों पर फायरिंग कर दी।

इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को दुर्घटनावश गोली लग गई। उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

पेड़ से टकराई कार, मारपीट भी हुई

फायरिंग के बीच फॉर्च्यूनर वाहन राजकीय प्राथमिक विद्यालय, जोहड़ी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर में बैठे व्यक्तियों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया।

फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

जिलेभर में नाकेबंदी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पूरे जनपद में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Spread the love
error: Content is protected !!