उत्तराखंड शासन ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेश के पांच राजकीय मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और एक प्रोफेसर के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। शासन का मानना है कि इस बदलाव से चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ मेडिकल कॉलेजों के प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
इन अधिकारियों के हुए तबादले
जारी आदेशों के अनुसार, सोबन सिंह जीना राजकीय मेडिकल कॉलेज, अल्मोड़ा के प्राचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश भैसोड़ा का स्थानांतरण राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर के प्राचार्य पद पर किया गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में कार्यरत डॉ. जीएस तितियाल को अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज का नया प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
चिकित्सा शिक्षा प्रभार के निदेशक डॉ. अजय कुमार आर्या को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी का प्राचार्य बनाया गया है।
वहीं राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना को चिकित्सा शिक्षा निदेशक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार के प्राचार्य डॉ. चंद्र मोहन सिंह रावत का स्थानांतरण राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर के प्राचार्य पद पर किया गया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. पंकज सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज, हरिद्वार का प्रभारी प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
जल्द कार्यभार संभालने के निर्देश
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नए तैनाती स्थलों पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए हैं।
चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया बल
सरकार का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से मेडिकल कॉलेजों में प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी, शैक्षणिक गतिविधियां मजबूत होंगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। नए अधिकारियों के अनुभव और प्रशासनिक क्षमता का लाभ प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
