चमोली, 15 अगस्त 2026। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और लापता श्रमिक का शव बरामद किया गया है, जबकि टनल में लापता दो अन्य श्रमिकों की तलाश अभी जारी है।
SDRF की टीम निरीक्षक करण सिंह के नेतृत्व में टनल के भीतर लगातार सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही है। अभियान के दौरान SDRF टीम द्वारा NDRF, जिला पुलिस, प्रशासन एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए तकनीकी संसाधनों और आवश्यक उपकरणों की मदद से टनल के संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग की जा रही है।
टनल के भीतर जमा पानी की निकासी का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। इसके लिए सक्शन पंप सहित अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि रेस्क्यू टीमों की आवाजाही सुगम हो सके और संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिकों की तलाश की जा सके।
SDRF की टीमें अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर टनल के भीतर संभावित सभी स्थानों पर गहन सर्च अभियान चला रही हैं। लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेस्क्यू टीम पूरी तत्परता के साथ अभियान में जुटी है और श्रमिकों तक पहुंचने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं
