चमोली: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर 14 जनवरी को सुबह साढ़े पांच बजे आदिबदरी मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट उद्घाटन के साथ ही 14 से 20 जनवरी तक महाभिषेक समारोह का आयोजन किया जाएगा।

मंदिर समिति की बैठक में मंदिर के मुख्य पुजारी चक्रधर थपलियाल ने कपाट उद्घाटन के शुभ मुहूर्त की औपचारिक घोषणा की। रविवार को मंदिर परिसर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष जगदीश बहुगुणा ने की।

बैठक में सप्ताहभर चलने वाले धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 14 जनवरी से गढ़वाल राइफल्स कीर्तन मंडप में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।

इसके साथ ही क्षेत्र की महिला मंगल दलों द्वारा धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में भाग लेने और व्यवस्थाओं में सहयोग की अपील की है।

Spread the love
error: Content is protected !!