देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में लिव-इन रिलेशन में रह रही एक महिला ने अपने प्रेमी पर मारपीट करने और उसके कमरे में आग लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, टीएचडीसी कॉलोनी देहराखास निवासी महिला अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ किराये के मकान में रहती है। महिला के पति का पहले ही निधन हो चुका है। बताया गया कि करीब सात माह से वह उत्तर प्रदेश के शामली जिले के ग्राम भारसी निवासी सत्यम पंवार के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी।
महिला का आरोप है कि सत्यम पंवार अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और बाद में माफी मांग लेता था। 12 मार्च की देर रात भी आरोपित ने उसके साथ मारपीट की। महिला का कहना है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह घटना रिकॉर्ड हुई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट के बाद वह अपनी एक सहेली के घर चली गई। आरोप है कि इसी दौरान रात करीब ढाई बजे सत्यम पंवार ने उसके कमरे में आग लगा दी। आग लगने से कमरे में रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। महिला का कहना है कि आग लगाने की घटना का वीडियो भी मौजूद है।
पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान अधिकारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
