सोनप्रयाग/रुद्रप्रयाग: केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोनप्रयाग–गौरीकुंड के बीच मुनकटिया क्षेत्र में सोमवार देर रात अचानक हुए भूस्खलन से मुख्य सड़क मार्ग बाधित हो गया। भारी बारिश, अंधेरा और लगातार गिरते मलबे के बीच हजारों श्रद्धालु रास्ते में फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना रात 9:16 बजे SDRF को मिली, जिसके बाद उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में SDRF सोनप्रयाग टीम तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर SDRF और NDRF की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभालते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद जवानों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सड़क के दूसरी ओर फंसे करीब 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। लगातार बारिश और अंधेरे के बीच जवान श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाते रहे और उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।
रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद जेसीबी मशीनों की मदद से मार्ग पर जमा मलबा हटाया गया, जिसके बाद सड़क को फिर से यातायात के लिए खोल दिया गया।
SDRF और NDRF के इस संयुक्त अभियान ने एक बार फिर साबित किया कि देवभूमि में आपदा के समय राहत एजेंसियां हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
