चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से भैयादूज के दिन दिल दहला देने वाली दुर्घटना की खबर सामने आई है। गोपेश्वर–पोखरी मोटर मार्ग पर देवखाल के पास गुरुवार दोपहर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद कार में आग लग गई, जिसमें सवार चार लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

भैयादूज मनाकर ससुराल लौट रही थी बहन

जानकारी के अनुसार, देहरादून से आई अनीता त्रिपाठी अपने परिवार के साथ भैयादूज मनाने अपने मायके देवखाल गई थीं। पर्व समाप्त होने के बाद जब वे अपने ससुराल विशालखाल लौट रही थीं, तभी देवखाल के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

खाई में गिरने के बाद कार में लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के खाई में गिरते ही उसमें आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक मदद पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। हादसा इतना भयंकर था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय सीट बेल्ट बंधे होने की वजह से कार में मौजूद अनन्त स्वरूप त्रिपाठी बाहर नहीं निकल पाए और आग की लपटों में झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोकाकुल कर दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि त्रिपाठी परिवार अपने सादे स्वभाव और सामाजिक कार्यों के लिए जाना जाता था। भैयादूज जैसे शुभ पर्व पर घटी इस घटना ने सभी को गमगीन कर दिया है।

मृतकों की पहचान इस प्रकार है —

अरविन्द त्रिपाठी

अनीता त्रिपाठी (पत्नी अरविन्द त्रिपाठी)

अनन्त स्वरूप त्रिपाठी (पुत्र अरविन्द त्रिपाठी) — निवासी ग्राम विशाल, विकासखण्ड पोखरी, जनपद चमोली।

गंभीर घायल:

अम्भूज त्रिपाठी (पुत्र अरविन्द त्रिपाठी), जिन्हें जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है।

Spread the love
error: Content is protected !!