देहरादून। राजधानी दून में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई इलाकों में दबंग लोग नालों, सड़कों और निगम की जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे मामलों पर अब नगर निगम ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।
अलग-अलग क्षेत्रों में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम के भूमि अनुभाग की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया और अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की। निगम की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
आमवाला तरला में नाले पर किया गया था अवैध निर्माण
नगर निगम के अनुसार, पेरिस विहार आमवाला तरला क्षेत्र में खसरा नंबर 102 के अंतर्गत आने वाली नाले की जमीन, जो नगर निगम के प्रबंधन में है, वहां नौ लोगों द्वारा अवैध निर्माण किया गया था। इस मामले में निगम की ओर से पहले ही 30 मई और 10 दिसंबर 2025 को अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे।
नोटिस में 15 दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय में कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद सोमवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त किया।
तीन दिन का अंतिम मौका, फिर होगी सख्त कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान संबंधित लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे और वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए कुछ दिन का समय मांगा। मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए नगर निगम ने उन्हें तीन दिन का अंतिम अवसर दिया है। निगम ने साफ किया है कि यदि इस अवधि में शेष अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बिना किसी अतिरिक्त सूचना के कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वाणी विहार क्षेत्र में भी हटाया गया अतिक्रमण
इसी क्रम में वार्ड संख्या-51 वाणी विहार क्षेत्र में नाले पर बने अवैध अतिक्रमण और पुलियाओं को भी हटाया गया। इस दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध भी किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने कार्रवाई पूरी की।
निगम का साफ संदेश
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में नालों, सड़कों और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
