उत्तराखंड मौसम अपडेट। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हालांकि राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है।

मैदान से पहाड़ तक बढ़ा तापमान

शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री ज्यादा है।

पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। यहां अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 4 डिग्री ज्यादा है।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखने को मिली है।

19 मार्च तक हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में 19 मार्च तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को खराब मौसम और तेज हवाओं को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Spread the love
error: Content is protected !!