नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। शनि बाजार रोड पर तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे बच्ची की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की निवासी थी और इन दिनों हल्द्वानी में अपनी नानी के घर आई हुई थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्ची सड़क पर गिर गई और कैंटर के टायर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने कैंटर चालक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और वाहन को घेर लिया। लोगों ने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित कुमार सैनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और चालक को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक बच्ची के परिवार में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस कर रही जांच
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि हादसे में एक किशोरी की मृत्यु हुई है। कैंटर और उसके चालक को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
