चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना से हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, भारतीय सेना और आईटीबीपी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना कर दी गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर ने शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके बाद हाथी पर्वत और मारवाड़ी पुल के आसपास हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई
सेना, SDRF और ITBP की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटीं
प्रशासन के अनुसार, जोशीमठ के चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास हेलीकॉप्टर की लोकेशन मिलने की सूचना यू-काडा कर्मचारियों ने दी थी। इसके बाद एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। भारतीय सेना और आईटीबीपी की टीमें भी राहत एवं बचाव अभियान में शामिल की गई हैं।
प्रारंभिक सूचना में हेलीकॉप्टर के क्रैश या क्रैश लैंडिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। ऐसे में दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों और यात्रियों की स्थिति की पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों के नाम
प्रशासन को मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर में सवार लोगों के नाम इस प्रकार बताए गए हैं:
हिमांशु – पायलट
प्रताप
अरुण
शंकर
सुधीर
एमएस नागाराजा
सीएम धामी रख रहे पूरे घटनाक्रम पर नजर
सीएम धामी ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उक्त हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ‘चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।’
