किच्छा में दिनदहाड़े युवक के अपहरण की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. युवक को बोलेरो सवार कुछ युवक जबरन अपने साथ ले गए.
रुद्रपुर: किच्छा में दिनदहाड़े युवक को अगवा किए जाने की घटना से अफरा-तफरी मच गई. बोलेरो सवार कुछ युवक रुद्रपुर रोड स्थित बैंक के सामने पहुंचे और वहां खड़ी कार में बैठे युवक को जबरन अपने वाहन में बैठाकर ले गए. आरोपी युवक की कार भी अपने साथ ले गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और कुछ ही समय में युवक तथा उसकी कार को बरामद कर लिया गया. शुरुआती जांच में मामला पैसों के लेनदेन के विवाद से जुड़ा सामने आया है. पुलिस अब आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.
बाजपुर क्षेत्र के इटव्वा निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह का बिंदुखत्ता, लालकुआं निवासी कुछ युवकों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. सोमवार दोपहर बाद हरजिंदर अपने दोस्त संदीप निवासी बिंदुखेड़ा, रुद्रपुर के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से किच्छा पहुंचा था. दोनों ने रुद्रपुर रोड स्थित बैंक के सामने अपनी कार खड़ी की. इसी दौरान संदीप किसी काम से कार से बाहर चला गया, जबकि हरजिंदर कार में ही बैठा रहा.बताया जा रहा है कि इसी बीच एक बोलेरो वाहन में सवार होकर कुछ युवक वहां पहुंचे.
उन्होंने हरजिंदर को घेर लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने लगे. हरजिंदर ने बचने के लिए भागने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी उसे जबरन बोलेरो में बैठाकर ले गए. इसके साथ ही आरोपियों का एक साथी हरजिंदर की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर वहां से निकल गया. दिनदहाड़े हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. पूरी वारदात बैंक के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बोलेरो वाहन की तलाश शुरू की. पुलिस की सक्रियता और बढ़ती घेराबंदी को देखते हुए आरोपी नगला तिराहे के पास अगवा युवक हरजिंदर और उसकी कार को छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने युवक और वाहन को अपने कब्जे में लेकर राहत की सांस ली. इसके बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने दबिश देना शुरू कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी गई थी. प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है. युवक को जबरन ले जाने और मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है. युवक को बरामद कर लिया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
-दौलत राम वर्मा, सीओ सितारगंज-
किच्छा के व्यस्त रुद्रपुर रोड पर बैंक के सामने दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है. जिस तरह से बोलेरो सवार युवक खुलेआम एक व्यक्ति को जबरन अपने साथ ले गए और उसकी कार भी लेकर फरार हो गए, उससे लोगों में दहशत का माहौल है. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.
