डोईवाला में फर्जी आरपीएफ अधिकारी गिरफ्तार, नीली बत्ती लगी कार से घूमकर झाड़ रहा था रौब

 

असिस्टेंट सिक्योरिटी कमिश्नर बनकर लोगों को ठगने की फिराक में था आरोपी, अर्टिगा कार से आरपीएफ की कैप और बैज बरामद

 

डोईवाला। खुद को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का सहायक सुरक्षा आयुक्त बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक फर्जी अधिकारी को डोईवाला पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नीली बत्ती लगी अर्टिगा कार से घूम रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से आरपीएफ की पी-कैप और बैज भी बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कर्ज में डूबे होने के कारण फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को प्रभावित कर रुपये कमाने की योजना बनाने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्धों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पांच नवंबर को डोईवाला पुलिस और आरपीएफ देहरादून की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुद को आरपीएफ का वरिष्ठ अधिकारी बताकर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है।

सूचना पर पुलिस ने लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास रेलवे लाइन के समीप चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नीली बत्ती लगी अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार के डैशबोर्ड पर आरपीएफ की पी-कैप रखी हुई थी। कार सवार व्यक्ति खुद को मुरादाबाद मंडल का सहायक सुरक्षा आयुक्त (एसी) बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम स्मित कुमार पुत्र राजीव शर्मा निवासी ग्राम शिवाला कला, थाना शिवाला कला, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) बताया। पुलिस ने उससे अधिकारी होने के संबंध में पहचान पत्र मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद आरपीएफ के मंडल मुख्यालय से जानकारी की गई तो इस नाम का कोई अधिकारी तैनात नहीं मिला। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह आरपीएफ में अधिकारी नहीं है। कर्ज में डूबे होने के कारण लोगों पर रौब जमाकर आसानी से रुपये कमाने के इरादे से फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था। पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी नीली बत्ती लगी मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (यूके 07 एचक्यू 2387) को सीज कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रही है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

ये सामान हुआ बरामद

 

मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (यूके 07 एचक्यू 2387)

नीली बत्ती आरपीएफ सहायक सुरक्षा आयुक्त की पी-कैप और बैज

Spread the love
error: Content is protected !!