बागेश्वर। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह भूकंप के झटकों से धरती हिल गई। बागेश्वर जिले में सवेरे-सवेरे आए भूकंप से लोगों में दहशत फैल गई। झटके महसूस होते ही कई लोग घरों से बाहर निकल आए और आफ्टर शॉक के डर से कुछ समय तक घरों में लौटने से कतराते दिखे। भूकंप का असर हरिद्वार से लेकर ऋषिकेश तक महसूस किया गया।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार, सुबह 7 बजकर 25 मिनट पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र बागेश्वर जिले में रहा और इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई।

सुबह के समय आए झटकों से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से भी जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के कम तीव्रता वाले भूकंप सामान्य होते हैं, लेकिन भूकंप संभावित क्षेत्र होने के कारण लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Spread the love
error: Content is protected !!